मेरठ। भोपाल विहार में शनिवार सुबह विद्युत कर्मचारी प्रवीण (40) का शव घर में फंदे पर लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव मोर्चरी भिजवाया और जांच में जुट गई। पुलिस के मुताबिक प्रवीण के शराब पीने को लेकर परिवार में अक्सर विवाद रहता था।
थाना भावनपुर क्षेत्र के गांव मानपुर निवासी प्रवीण काफी समय पूर्व अपने गांव से पत्नी उपासना बेटे आयुष और बेटी रिया, जिया के सााथ भोपाल विहार में रहने के लिए आ गया था। प्रवीण गढ़ रोड स्थित बिजली घर पर जीएमटी के पद पर कार्यरत था। शुक्रवार को देर रात वह अपने परिवार के साथ खाना खाकर सो गया था। इसके बाद प्रवीण ने घर के अंदर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
सुबह जब प्रवीण की पत्नी उठी तो प्रवीण का शव फंदे पर लटका हुआ था। इसकी सूचना परिजनों ने थाना पुलिस को दी। पुलिस ने परिजनों से जानकारी ली और फोरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य एकत्र किए। सीओ सदर देहात नवीना शुक्ला ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नही दी गई है। पुलिस की जांच जारी है।