मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र के प्रवेश विहार कॉलोनी में काफी दिनों से बंद पड़े मकान के अंदर एक युवक का शव फंदे से लटकता मिला। बृहस्पतिवार को बिल्डर के मकान खोलने पर आई बदबू से शव का पता चला। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। अभी शव की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार प्रवेश विहार में बिल्डर पार्टनर संदीप, सचिन व अंबुज ने बेचने के लिए दो मंजिला मकान बनाकर रखा है। मकान काफी समय सें बंद है। बृहस्पतिवार को संदीप मकान में काम कराने के लिए कारपेंटर को लेकर पहुंचा। मकान के मुख्य गेट का ताला खोला गया तो भीतर से बदबू आ रही थी। इस पर आसपास के लोगों और मेडिकल थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो दरवाजे के पीछे अटैच खूंटी से युवक शव लटका हुआ पाया गया। शव करीब 25 साल के युवक का लग रहा था। शव पूरी तरह से सड़ चुका था। पुलिस ने लोगों को बुलाकर शव की पहचान कराई, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। लोगों ने बताया कि काफी दिनों से दिन से घर के आगे से निकलते समय बदबू आ रही थी।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया बंद मकान के अंदर युवक का शव मिला है। दरवाजा अंदर से बंद था। ऐसे में युवक के आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।