परिजनों ने कार्रवाई से किया इन्कार, पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव परिजनों को सौपा
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। पल्लवपुरम फेस-2 के पी- पॉकेट निवासी आरिफ(27) का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। युवक प्राइवेट कंपनी में ऑन लाइन काम करता था। हालांकि परिजनों ने कार्रवाई से इन्कार कर दिया। पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम के शव परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों के मुताबिक, आरिफ ऑनलाइन कंपनी में कार्य करता था। छह साल पहले उसकी शादी मुजफ्फरनगर निवासी नगमा से हुई थी। आरिफ का ढाई साल का बेटा अरहम है। बड़ा भाई आसिफ सरधना में अपने परिवार के साथ रहता है, जबकि आरिफ के साथ मां मुन्नी, पत्नी नगमा और बेटा अरहम रहता है।
रविवार सुबह परिवार के लोग नीचे थे और आरिफ दूसरी मंजिल पर बने कमरे में था। आरिफ के नीचे नहीं आने पर पत्नी खाना लेकर ऊपर पहुंची तो आरिफ का शव पंखे से लटका देखा तो उसकी चीख निकल गई। नगमा की चीख सुनकर परिजन ऊपर पहुंचे। परिजनों ने पड़ोसियों की सहायता से आरिफ के शव को नीचे उतारने का प्रयास किया तो शव नीचे गिर गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने लगी लेकिनपरिजनों ने कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भर कर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों के अनुसार आरिफ का परिवार में कोई विवाद नहीं था, आरिफ ने यह कदम क्यों उठाया इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि पुलिस जांच कर रही है, हालांकि परिजनों ने कार्रवाई से इंकार कर दिया है। इसलिए शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया।