रोहटा (मेरठ)। सात दिन पहले बागपत के गांव टीकरी से रोहटा में बरात में शामिल होने आया युवक संदिग्ध हालात में लापता हो गया था। रविवार को उसका शव रोहटा के तालाब में उतराता मिला। सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान कराने के बाद शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बागपत जिले के गांव टीकरी निवासी सीमा पत्नी सुनील राठी ने बताया कि 12 जनवरी को उसका बेटा 22 वर्षीय वाशु गांव रोहटा में बरात में आया था। बरात विदा होकर सभी बराती अपने घर लौट गए थे, लेकिन वाशु अपने घर नहीं पहुंंचा। पीड़िता ने बेटे के साथियों से जानकारी की तो उन्होंने रोहटा में गांव के बाहर तक उसको साथ देखे जाने की बात कही, लेकिन उसके बाद उसका पता नहीं चला था। पीड़िता ने रोहटा थाने में बेटे की गुमशुदगी की तहरीर दी। रविवार को लापता वाशु का शव तालाब में उतराता हुआ मिला।
आरोप है कि पुलिस ने युवक की गुमशुदगी तक दर्ज नहीं की है। युवक को तलाश करने के नाम पर पुलिस उन्हें टरकाती रही। पीड़िता बेटे की तलाश करती रही, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव बाहर निकालकर पहचान कर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पोस्टमार्टम के भेज दिया।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि युवक की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की नीयत से तालाब में फेंका है। परिजनाें ने बताया कि दो भाई व एक बहन में वाशु सबसे बड़ा था। वह इंटर पास करने के बाद नौकरी की तैयारी कर रहा था। परिजनों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।