-परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए किया हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। थाना रोहटा क्षेत्र के बाडम पथोली रजबहे में मंगलवार को किसान अमित त्यागी (40) का शव मिला। परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल भेज दिया है।
गांव बाडम निवासी अमित पुत्र निरंकार सोमवार की दोपहर घर से खेत में जाने की बात कहकर गया था लेकिन शाम तक वह घर नहीं लौटा। परिवार के लोग सोमवार से ही उसकी तलाश में जुटे हुए थे। मंगलवार शाम बाडम गांव निवासी राधेश्याम त्यागी अपने खेत से घर पर लौट रहे थे। जब वह पथोली रजबहे पर राजवीर त्यागी के खेत के पास पहुंचे तो उन्हें रजबहे के अंदर पानी में एक व्यक्ति का शव दिखाई पड़ा। इसकी सूचना गांव में दी तो वहां पर ग्रामीणों का तांता लग गया। सूचना मिलने पर रोहटा पुलिस भी मौके पर पहुंची। शव को पानी से बाहर निकाला तो उसकी पहचान अमित त्यागी के रूप में हुई। सूचना पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस जब शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी तो परिजनों ने उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए हंगामा किया।
थाना प्रभारी अनुराग सिंह ने परिजनों को समझाया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल भेज दिया।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि ग्रामीणों का कहना है कि अमित शराब पीने का आदी था। नशे की हालत में रजबहे में गिरने से उसकी मौत हो सकती है। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।
मोबाइल और नकदी गायब
मृतक अमित का मोबाइल घटना स्थल से बरामद नहीं हो पाना भी घटना को संदिग्ध बना रहा है। परिजनों का कहना है कि उसके पास सात हजार रुपये भी थे और मोबाइल भी था। उसकी जेब से रुपये और मोबाइल दोनों ही गायब मिले हैं।