महिला और चार महीने के बच्चों के शवों की नहीं हुई पहचान
मेरठ/परतापुर। काशी गांव के तालाब में 24 घंटे के अंतराल में महिला और चार माह के बालक का शव मिला था। अब तक दोनों की पहचान नहीं हुई है। पुलिस भी चुप्पी साधे बैठी है। लोगों के जेहन में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर यह महिला और बालक कौन है। वह कहां से आए और उनकी किसने हत्या कर शव को तालाब में फेंका है।
परतापुर के काशी गांव में रविवार सुबह तालाब के किनारे बोरे में बंद महिला का शव मिला था। इसकी पहेली अभी सुलझी भी नहीं थी कि सोमवार शाम गांव के तालाब किनारे चार माह के बच्चे का भी शव मिल गया। पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, लेकिन महिला की पहचान नहीं हो पाई है। नवजात बच्चे के बारे में भी कुछ पता नहीं चला है। इंस्पेक्टर परतापुर शैलेंद्र प्रताप सिंह का कहना कि मृतकाें की पहचान के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।
--
परतापुर पुलिस की लापरवाही आई सामने
ग्रामीणों ने नवजात शिशु को दबा दिया है। इसकी जानकारी पुलिस को है। इसके बावजूद परतापुर पुलिस कोई भी कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। पुलिस का कहना है कि ग्रामीणों ने बच्चे के शव के बारे में समय से जानकारी नहीं दी और उसके शव को खुद ही दबा दिया। ग्रामीणों में चर्चा है कि यह मां बेटे भी हो सकते हैं। जिनको पहले मारा गया और फिर तालाब में अलग-अलग किनारे पर फेंक दिया गया। बड़ी घटना होने के बावजूद भी परतापुर पुलिस की नींद नहीं टूट रही। लापरवाही सामने दिखाई दे रही है।
---
यह गंभीर मामला है। परतापुर थाना पुलिस के साथ एसओजी भी लगाई जाएगी। महिला की पहचान का प्रयास चल रहा है। इस मामले में पुलिस की कोई भी लापरवाही सामने आई तो कार्रवाई होगी। जोन के सभी थानों में इसकी सूचना दे दी गई है।
प्रभाकर चौधरी, एसएसपी