बोर्ड ऑफ स्ट्डीज से तय होगी प्रैक्टिकल के शिक्षकों की सूची
मेरठ। सीसीएसयू से संबद्ध कॉलेजों में होने वाली स्नातक, स्नातकोत्तर कक्षाओं की मुख्य परीक्षाओं के प्रैक्टिकल को समय से कराने के लिए सभी विभागाध्यक्षों से शिक्षकों की सूची मांगी गई है। विभागाध्यक्षों से बोर्ड ऑफ स्ट्डीज की बैठक बुलाने को कहा है। बैठक में प्रैक्टिकल लेने वाले शिक्षकों के नामों पर मुहर लगाई जाएगी।
15 फरवरी से सीसीएसयू के कॉलेजों में बीए, बीएससी और बीकॉम की परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए शिक्षकों को भेजे जाने का काम अभी तक डीन द्वारा किया जाता था। इसमें हर बार किसी न किसी तरह से देरी हो जाती है। प्रैक्टिकल समय से नहीं हो पाने के कारण विवि मूल्यांकन समाप्त होने के बाद भी रिजल्ट जारी नहीं कर पा रहा था। इस बार व्यवस्था में थोड़ा बदलाव किया है। सभी विभागाध्यक्षों से प्रैक्टिकल कराने के लिए सौ-सौ शिक्षकों की सूची मांगी गई है।
कुलपति प्रो. एनके तनेजा ने मंगलवार को विभागाध्यक्षों को बुलाकर स्पष्ट किया कि जिन विषयों की बोर्ड ऑफ स्ट्डीज नहीं हुई है, वह चार-पांच दिन में इसे पूरा कराएं। ताकि इसके बाद शिक्षकों की सूची फाइनल की जा सके। विवि प्रशासन इस बार मुख्य परीक्षाओं के साथ ही प्रैक्टिकल भी कराने की कवायद कर रहा है। इससे रिजल्ट में देरी नहीं होगी। शिक्षकों की सूची मिलने के बाद विवि कॉलेजों में समय से शिक्षकों को प्रैक्टिकल लेने के लिए भेज देगा।