नगर पंचायत हर्रा में आयोजित बोर्ड बैठक में मौजूद सभासद और ईओ।
- फोटो : SARDANA
चेयरपर्सन, ईओ बीमार हैं... बोर्ड बैठक नहीं होगी
सरूरपुर। नगर पंचायत हर्रा में शनिवार को बोर्ड बैठक को लेकर उठापटक चलती रही। सभासदों की एकजुटता से अध्यक्षा ने बैठक होने के समय से पूर्व ही खुद व ईओ को बीमार बताकर बैठक स्थागित कर दी। वहीं ईओं ने बीमारी की बात खारिज करते हुए नगर पंचायत सभागार में पहुंच गए। इस दौरान सभासदों ने विरोधी दल का नेता चुनते हुए बैठक कर क्रइ प्रस्ताव पारित किए।
नगर पंचायत हर्रा की बोर्ड शनिवार को तय थी। बोर्ड बैठक के शुरू होने के तय समय 11 सभासद पहुंच गए। साढ़े ग्यारह बजे नोटिस बोर्ड पर ईओ के बीमार होने की सूचना का नोटिस लगाया गया। जिस पर सभासदों ने नाराजगी जाहिर की। उसके बाद नोटिस बोर्ड पर नगर पंचायत अध्यक्षा हुस्नो बेगम को बीमार बताते हुए बैठक स्थगित करने की सूचना जारी कर दी। जिसको लेकर कार्यालय पर हंगामा हो गया। सभासदों ने बीमारी का बहाना बनाने की बात कहते हुए जबरन बैठक न होने देने की बात कही। कुछ ही देर में अधिशासी अधिकारी पवित्रा त्रिपाठी कार्यालय पहुंच गई। ढाई बजे नगर पंचायत कार्यालय पर मौजूद 11 सभासदों ने विपक्षी दल का नेता उमर फारूक को चुन लिया और अधिशासी अधिकारी को पत्र सौंपा। ईओ ने बैठक शुरू कराते हुए चुने गए अध्यक्ष सभासद उमर फारूक की अध्यक्षता में बैठक की कार्यवाही शुरू कराई। बैठक में ग्यारह सभासदों ने पूर्व में टेंडरों होने पर भी कार्य शुरू न होने पर निरस्त का प्रस्ताव रखा। इसके अलावा वार्ड में इंटर लॉकिंग व सीसी, नाली आदि कार्य कराए जाने के लिए प्रस्ताव पारित कराया। सफाई कार्य में लगे ट्रैक्टर को हटाने के प्रस्ताव पर ईओ ने सहमति जता दी। तैनात कर्मचारियों की संख्या घटाई जाने का भी प्रस्ताव रखा। सभासदों के मुताबिक ई टेंडरिंग का मखौल उड़ाया गया है। सभासदों के फर्जी हस्ताक्षर करके बोर्ड बैठक में प्रस्ताव दिखाए जाने का भी आरोप लगाया। इस मामले को लेकर लापरवाही व अनियमितता की शिकायत कमिश्नर व मुख्यमंत्री से करने की बात कही। सभासदों का आरोप है कि चेयरपर्सन घोटालों और अनियमितता का विरोध होने के डर से बैठक टालने की साजिश रच रहे थे। बैठक में विनोद कुमार, शबनम, अनीस, हामिद, इरशाद, जरीना, मोहम्मद आरिफ, शकील व भूरी आदि मौजूद रहे।
स्वास्थ्य खराब है
स्वास्थ्य खराब होने के कारण बैठक स्थागित का निर्णय लिया गया। सभासदों का विरोध होने की कोई बात नहीं है। सब साथ मिलकर विकास कार्य में सहयोग करेंगे।
- गुलजार अली, चेयरपर्सन हुस्नो बेगम के पति