मेरठ के शास्त्रीनगर के एल. ब्लॉक में कार खड़ी करने को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि कॉलोनी के ही दो युवकों ने अधिवक्ता अशोक शर्मा के घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट की और तार से गला कसकर जान लेने की कोशिश की। पुलिस की मौजूदगी में जिला अस्पताल में इलाज कराने गए पीड़ित को आरोपियों ने वहां भी धमकी दी। लोहियानगर थाने में पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार अधिवक्ता अशोक शर्मा रात में अपनी कार लेकर घर पहुंचे तो कॉलोनी निवासी मोहित और राहुल ने अपनी कार रास्ते में खड़ी कर दी। शर्मा ने अपनी कार पीछे खड़ी कर यूपी 112 पर सूचना दी। कुछ देर बाद ही आरोपी लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस गए और हमला कर दिया। उन्होंने अधिवक्ता के गले में तार डाल दिया और उसे कसकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की।