सरूरपुर। ब्लॉक प्रमुख से वार्ता करती आशा कार्यकत्रियों का प्रतिनिधिमंडल। संवाद
- ब्लॉक प्रमुख से वार्ता के बाद गलतफहमी दूर होने पर धरना किया समाप्त
संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। सीएचसी में पिछले तीन दिन से चल रहा आशाओं का धरना शुक्रवार को समाप्त हो गया। आशाएं गलतफहमी के चलते धरने पर बैठी थी। आशा कार्यकर्ता प्रतिनिधिमंडल ने ब्लॉक प्रमुख से मुलाकात की। गलतफहमी दूर होने के बाद आशाओं ने ब्लॉक में ही धरना समाप्त करने की घोषणा कर दी।
पिछले तीन दिनों से आशा कार्यकर्ता सीएचसी में धरने पर बैठी थी। आशाओं का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा क्षेत्र में आशाओं के प्रति भ्रामक बातें फैलाई जा रही हैं। इस कारण उन्हें क्षेत्र में कार्य करने के लिए बड़ी समस्याओं सामना करना पड़ रहा है। कुछ दिनों से सीएचसी में प्रभारी के तबादले को लेकर खींचतान चली आ रही है। ब्लॉक प्रमुख ठाकुर मनोज चौहान, विधायक व कई प्रधानों ने सीएचसी में अनियमितताएं व गलत व्यवहार को लेकर सीएचसी प्रभारी की सीएमओ से शिकायत की थी। इसके बाद सीएमओ डॉ. राम प्रसाद ने डॉ. राघो सिंह का तबादला कर दिया था। सीएचसी की की जिम्मेदारी डॉ. अश्वनी को सौंपी गई थी। इसी घटनाक्रम के बीच आशा भी गलतफहमी के चलते धरने पर बैठ गई और सीएचसी प्रभारी डॉ. राघो सिंह के तबादले का विरोध करने लगी। शुक्रवार को ब्लॉक प्रमुख से वार्ता के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। ब्लॉक प्रमुख ठाकुर मनोज चौहान ने बताया कि आशाओं के दिमाग में गलतफहमी डालकर धरना दिलवाया जा रहा था। आशाओं के साथ बैठकर वार्ता कर गलतफहमी को दूर कर दिया गया है।