सरधना। सरधना नगर में नागरिकता संसोधन कानून के संबंध में दोनों समुदायों ने ज्ञापन देने की अनुमति मांगी थी। एसडीएम सरधना ने प्रदेश में धारा 144 लागू होने का हवाला देते हुए किसी भी प्रकार के कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी ।
सरधना नगर में मुस्लिम समाज के लोग बुधवार को नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में बैठक करना चाहते थे बैठक के बाद एसडीएम को ज्ञापन देने का कार्यक्र्रम था। जिसमें क्षेत्र के उलेमा व मुख्य लोग शामिल होने थे। मंगलवार को कुछ लोगों ने एसडीएम को कार्यक्रम से अवगत कराया। अधिकारियों ने कुछ शर्तों पर अनुमति दे दी। वहीं लोेगों की माने तो हिंदू समाज के लोगों ने सीएए(नागरिकता संशोधन कानून) के पक्ष में ज्ञापन देने का कार्यक्रम व जुलूस निकालने की बात कहते हुए अनुमति मांगी। जुलूस को ध्यान में रखते हुए अधिकारी सतर्क हो गए। एसडीएम अमित कुमार भारतीय ने दोनों समुदाय के ही कार्यक्रम रद्द कर दिए। बताया कि प्रदेश में धारा 144 लागू है। जिसके चलते किसी प्रकार का कार्यक्रम नहीं होने दिया जाएगा। एसडीएम अमित कुमार भारतीय ने साफ कहा कि बिना अनुमति कोई बैठक या जुलूस कार्यक्रम किया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं दोनों समुदाय के लोगों ने बिना अनुमति कार्यक्रम न करने का भरोसा दिलाया।
शांति भंग पर होगी सख्त कार्रवाई
नगर में मीटिंग और जुलूस के माध्यम से ज्ञापन देने का मामला सामने आया था। दोनों ही पक्षों के कार्यक्रम पर रोक लगाई गई है। यदि किसी ने भी शांति भंग करने की कोशिश तो सख्त कार्रवाई कर जाएगी।-अमित कुमार भारतीय एसडीएम सरधना