आवंटियों ने आवास विकास कार्यालय के गेट पर ताला जड़ा
मेरठ। जागृति विहार एक्सटेंशन के भवन और भूखंडों पर कब्जा न मिलने से नाराज आवंटियों ने शुक्रवार को आवास विकास परिषद कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने काली पट्टी बांधकर नारेबाजी की। विरोध में आवंटियों ने कार्यालय के गेट पर ताला जड़ दिया। आवंटियों ने कहा कि पिछले डेढ साल से आवंटी कब्जे को लेकर आवास विकास परिषद के अधिकारियों के संपर्क में हैं। इसके बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है। उन्हें कब्जा न देने का कारण बताया जाए।
प्रदर्शन के दौरान सुशील कुमार पटेल सहित अन्य ने कहा कि आवास विकास परिषद के अधिकारी और जिला प्रशासन आवंटियों के प्रति गंभीर नहीं है। जनप्रतिनिधि भी चुप हैं। अब आवंटियों के सब्र का बांध टूट चुका है। उन्होंने कहा कि सेक्टर पांच के भवनों में असामाजिक तत्वों ने काफी नुकसान किया है। उसकी भरपाई की जाए। विवादित काल के तहत आवंटी पर रुकी किस्तों पर ब्याज न लगाया जाए। जिन आवंटियों ने बैंक से ऋण लेकर रजिस्ट्री कराई है। उन आवंटियों को कब्जा मिलने की तिथि से पूर्व का ब्याज वापस कराया जाए।
वहीं, आवास विकास परिषद कार्यालय पर हंगामा और तालाबंदी की सूचना पर एसीएम, सीओ सिविल लाइन और आवास विकास परिषद के अधिकारी पहुंचे। कब्जे के लिए अधिकारी कोई ठोस आश्वासन नहीं दे पाए। इसके चलते आवंटियों ने विभाग को 10 दिन का अल्टीमेटम दिया है। इस अवधि में सुनवाई न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई।
तालाबंदी करने वालों में राहुल सक्सेना, चंद्र प्रताप सिंह, गुरुदेव सिंह, दिवाकर, धर्मेंद्र, योगेश कुमार, राजेंद्र कुमार, संतराम, नटवर लाल, मोहित मित्तल, राजीव परमार, लोकेश गौड़, लवली, ममता, रजनी, मोहित त्यागी, जितेंद्र कुमार, अंजनी, सरिता आदि उपस्थित रहे।