मवाना थाना प्रभारी व हिंदू संगठनों के नेताओं में होती गहमा गहमी।
- फोटो : MAWANA
मवाना(मेरठ)। जाम के मामले में चार्जशीट में नाम बढ़ाने के मामले में थाने पहुंचे हिंदू संगठन के नेता और थाना प्रभारी में नोकझोंक हो गई। पुलिस ने एक नेता पर वीडियो बनाने और नेता ने पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाया। अन्य पुलिसकर्मियों ने मामला शांत कराया।
विहिप के जिला मंत्री सौरभ शर्मा, युवा मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री अमल खटीक, एबीवीपी के विभाग प्रमुख अजीत शर्मा, जिला संयोजक प्रज्जवल चौहान, बजरंग दल के प्रांत प्रशिक्षण प्रमुख आशु त्यागी, युवा मोर्चा के जिला मंत्री गौरव राणा, किसान मोर्चा के क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य राजेंद्र चौहान, गौरव गुर्जर, प्रतीक शर्मा आदि थाने पहुंचे। वे जनवरी माह में जाम के मामले में पुलिस द्वारा कोर्ट को भेजी गई चार्जशीट में अज्ञात में एक नाम बढ़ाने के मामले में थाना प्रभारी से मिलने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान थाना प्रभारी सतीश कुमार ने सौरभ शर्मा से मोबाइल बंद करने को कहा, उन्हें गलतफहमी हो गई थी कि सौरभ वीडियो बना रहा है। नेता ने फोन चेक करने को कहा तो दोनों में नोकझोंक हो गई। अन्य पुलिसकर्मियों ने मामला शांत कराया। इसके बाद नेता बिना वार्ता किए ही चले गए। थाना प्रभारी सतीश कुमार का कहना है कि हंगामा नहीं हुआ। नेताओं का कहना है था कि उनके संज्ञान में लाए बिना चार्जशीट कैसे लगा दी।