बालिका का अपहरण करने वाले आरोपी को भेजा जेल
कंकरखेड़ा। थाना क्षेत्र के रोहटा रोड स्थित एक गांव निवासी युवक ने बृहस्पतिवार को थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया था कि रात आठ बजे उनकी ढाई वर्षीय बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी बीच फाजलपुर निवासी विकास कुमार ने उनकी बेटी का अपहरण कर लिया था। बच्ची के शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्र हो गए थे। ग्रामीणों ने आरोपी को जमकर पीटा था। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को लेकर थाने आ गई थी। परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ अपहरण, छेड़छाड़ व पोक्सो एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर दी थी। सीओ दौराला प्रकाशचंद्र अग्रवाल का कहना है कि शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी विकास को न्यायालय में पेश न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
-
तमंचे के साथ आरोपी पकड़ा
मेरठ। लोहियानगर थाना पुलिस शुक्रवार को चिंदौड़ी पुलिया के पास चेकिंग के दौरान इरफान अंसारी को तमंचे समेत पकड़ा। वह आशियाना कॉलोनी निवासी है। सीओ कोतवाली अभिषेक पटेल का कहना है कि आरोपी को कोर्ट में पेश करके न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
दुकान में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
मेरठ। देहली गेट थाना क्षेत्र निवासी पप्पू ने थाने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया था कि उनकी देहली गेट में कपड़ों की दुकान है। बुधवार रात वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। बृहस्पतिवार सुबह दुकान पर पहुंचे तो देखा की दुकान का ताला टूटा हुआ है। वहीं गल्ले में रखे 7 हजार रुपये गायब थे। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी तारापुरी निवासी इमरान उर्फ शहजाद को टाउन हाल स्थित गांधी बाग के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को आरोपी के पास से 3700 रुपये बरामद हुए। सीओ कोतवाली अभिषेक पटेल का कहना है कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।