पुलिस बोली-आईटीम एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर, वायरल वीडियो में शामिल अन्य युवाओं की कर रहे पहचान
- फेमस होने की चाह में नाबालिग ने किया था खौफनाक स्टंट
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर में सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने और अच्छी कमाई की चाह में नाबालिगों द्वारा अवैध हथियारों से खतरनाक स्टंट के मामले में पुलिस अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। घटना के दस दिन बीतने के बावजूद आरोपी नाबालिग अब तक पुलिस की पकड़ से दूर है। यह घटना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। अधिकारियों ने बताया कि आईटी एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है और वायरल वीडियो बनाने में शामिल अन्य युवाओं की पहचान की जा रही है।
26 दिसंबर को मोहल्ला घोसियान निवासी 17 वर्षीय फहीम अपने ही दोस्त द्वारा रील बनाने के दौरान फायरिंग का शिकार हो गया था। गोली फहीम के बायीं हथेली में लगी थी।उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। बाद में स्थिति गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल भेजा गया। परिजनों ने शुरू में घटना को छिपाने की कोशिश की और निजी अस्पताल में उसका इलाज कराया। पुलिस के पहुंचने के बाद भी परिजनों ने तहरीर नहीं दी, लेकिन पुलिस ने मामले में खुद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
लेकिन घटना के दस दिन बीत जाने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। पुलिस ने बताया कि घटना के पीछे न केवल फेमस होने की होड़ थी, बल्कि सोशल मीडिया पर वायरल होकर लाखों रुपये कमाने की बढ़ती चाहत भी थी।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस मामला आईटी एक्ट की धाराओं के तहत दर्ज कर जांच कर रही है और वायरल वीडियो बनाने में शामिल अन्य युवाओं की पहचान कर रही है। पुलिस ने बताया कि घायल और आरोपी दोनों ही नाबालिग हैं। पुलिस वायरल वीडियो के पीछे नेटवर्क का पता लगा रही है और आरोपी नाबालिग की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास में है।