पुलिस को रोबिन का मोबाइल ऑन होने का इंतजार
किठौर। भड़ौली गांव में शनिवार सुबह खेत से चारा लेने गए भाजयुमो मंडल के महामंत्री एवं बीडीसी प्रमोद भड़ाना की गोली बरसाकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस का मुखबिरी तंत्र फेल होता दिख रहा है। चार दिन बीतने पर भी पुलिस हत्यारोपी रोबिन का सुराग नहीं लगा पाई है। पुलिस रोबिन का मोबाइल ऑन होने का इंतजार कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है लेकिन कोई सुराग नहीं लग पा रहा है।
गांव भड़ौली में काफी समय से वर्चस्व को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा है। एक सप्ताह पूर्व हापुड़ के नानपुर गांव में भड़ौली गांव के विनीत भड़ाना ने गांव के ही शुभम पर फायरिंग कर दी थी। शुभम सैलून पर बाल कटवाने गया था। इस मामले में गांव के ही अंकित भड़ाना और प्रमोद भड़ाना ने शुभम की पैरोकारी की थी। इस मामले में विनीत और उसके भाई राहुल और रोबिन को नामजद किया गया था।
रोबिन इस बात से नाराज था कि वह इस घटना में नहीं था, लेकिन उसे झूठा फंसाया जा रहा है। नामजद होने के बाद रोबिन फरार हो गया था। इसके बाद गढ़मुुक्तेश्वर पुलिस ने रोबिन के पिता तरसपाल को हिरासत में ले लिया था। आरोप है कि रोबिन ने बदला लेने के लिए प्रमोद की जंगल में गोली बरसाकर हत्या कर दी। ग्राम प्रधान के पति सतीश के घर पर भी फायरिंग की थी। हत्या के बाद से रोबिन फरार है। उस पर रविवार को एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था।