मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र में रोडवेज बस अड्डे के सामने कैंटीन पर बैठकर अपने साथी के साथ चाय पी रहे दिल्ली रोड निवासी अधिवक्ता शिवराज तोमर पर आरोपी सौरभ कौशिक ने हमला कर दिया। हमले में चोट लगने से अधिवक्ता घायल हो गए आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गया। अधिवक्ता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली।
दिल्ली रोड स्थित द्वारिकापुरी कॉलोनी निवासी अधिवक्ता शिवराज सिंह तोमर ने थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि मंगलवार शाम करीब सात बजे रोडवेज बस अड्डे के सामने स्थित कैंटीन पर अपने एक परिचित के साथ बैठकर बातचीत कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान सौरभ कौशिक नामक युवक वहां पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने उन पर हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। घटना के दौरान अधिवक्ता ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिसकर्मियों के सामने भी आरोपी अभद्रता करता रहा। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने चकमा देकर मौके से भाग गया। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।