संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। टीपीनगर क्षेत्र में शुक्रवार शाम कार सवार शास्त्रीनगर निवासी आर्यन गोयल से ठक-ठक गैंग के सदस्य ने सोने का कड़ा ठग लिया। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 15 अगस्त की शाम करीब साढ़े पांच बजे अपने साथी सोम अग्रवाल के साथ रैपिड ट्रेन के स्टेशन से रिठानी जा रहा था। रास्ते में रेलवे फाटक बंद होने के कारण उन्होंने गाड़ी रोक ली। तभी एक युवक आया और खटखटा कर उसने गाड़ी का गेट खुलवाया।
युवक ने उन पर बहन से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाया। पहचान के लिए दोनों को साथ चलने के लिए कहा। मना करने पर वह जबरदस्ती करने लगा। इस पर वह आरोपी के साथ चलने के लिए तैयार हो गए। युवक गाड़ी में बैठ गया और पूठ्ठा चौक पर कान्हा ज्वैलर्स पर चलने के लिए कहा। गाड़ी रुकने पर आरोपी ने लड़ाई होने की आशंका जताते हुए आर्यन को हाथ में पहना हुआ सोने का कड़ा उतारने के लिए बोला। आर्यन ने कड़ा उतारकर गाड़ी के डैशबोर्ड में रख दिया।
इसके बाद दोनों गाड़ी से उतरकर आरोपी के साथ चल दिए। आरोपी ने भागने की आशंका जताते हुए उनसे गाड़ी की चाभी भी ले ली। इसके बाद दोनों के फोटो मोबाइल में लेकर वह पहचान कराने की बात कहकर चला गया। काफी देर तक जब वह नहीं आया तो आर्यन और उसके दोस्त को गड़बड़ी का शक हुआ। वह भागकर गाड़ी के पास पहुंचे तो गेट खुला हुआ था। चाभी गाड़ी में लगी हुई थी। डैशबोर्ड में रखा हुआ उनका सोने का कड़ा गायब था। पीड़ित ने 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के माध्यम से आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।