देवबंद में फर्जी पासपोर्ट के जरिये बांग्लादेशी आतंकी पहले भी पनाह लेते रहे हैं। अगस्त और सितंबर 2017 में एटीएस द्वारा मुजफ्फरनगर, लखनऊ और दिल्ली से पांच बांग्लादेशी आतंकी पकड़े गए थे, जो फर्जी पासपोर्ट से देवबंद में ही रह रहे थे। एक बांग्लादेशी आतंकी फैजान अभी तक फरार है।
एटीएस ने मंगलवार को मुरादनगर एवं देवबंद से फर्जी प्रमाणपत्र बनाकर बांग्लादेशियों के फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एटीएस के मुताबिक मुरादनगर में रह रहे यूसुफ नाम के बांग्लादेशी ने भी देवबंद से फर्जी पासपोर्ट बनवा लिया था। फर्जी पासपोर्ट बनाने के आरोप में एटीएस ने देवबंद निवासी अहसान अहमद और वसीम अहमद को गिरफ्तार किया।
पढ़ें : यूपी ATS ने बांग्लादेशियों के फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले 3 संदिग्धों को दबोचा
आरोप है कि दोनों आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर कार्ड, मूल निवास प्रमाणपत्र सब कुछ फर्जी बना रहे थे। एटीएस को इसका बांग्लादेशी आतंकी कनेक्शन भी नजर आ रहा है। बांग्लादेशी आतंकी संगठन अंसारुल्ला बांग्ला टीम से जुड़े आतंकी भी फर्जी पासपोर्ट से देवबंद में रह रहे थे। एटीएस को संदेह है कि बांग्लादेशियों को फर्जी पासपोर्ट फरार फैजान एवं अहसान अहमद व वसीम अहमद द्वारा ही बनाकर दिए गए थे। एटीएस और एसटीएफ ने अगस्त और सितंबर में पकड़े पांच आतंकियों के पास से फर्जी पासपोर्ट बरामद किए थे जो देवबंद से ही बनाए गए थे। जिनमें एटीएस ने 6 अगस्त को मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र के ग्राम कुटेसरा से बांग्लादेशी आतंकी अब्दुल्ला उल मामून को गिरफ्तार किया था। जो लंबे समय से देवबंद के अंबेहटा शेख में रह रहा था। अक्तूबर में ही दिल्ली से कोलकाता पुलिस ने भी बांग्लादेशी आतंकी रजाउल रहमान को गिरफ्तार किया था, जो देवबंद में काफी समय से रह रहा था। उसके बाद सितंबर में लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन से तीन बांग्लादेशी आतंकियों को एटीएस ने गिरफ्तार किया। जिनमें इमरान, रजीजुद्दीन और मोहम्मद फिरदौस शामिल थे। तीनों देवबंद के ग्राम भनेड़ा में रह रहे थे। एटीएस के दबाव के बाद तीनों गांव छोड़कर फरार हो गए, जिन्हें लखनऊ रेलवे स्टेशन पर दबोच लिया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/