लोकसभा चुनाव 2019 से पहले भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से विपक्षी दलों में खलबली मच गई है। आगामी चुनाव के लिए जहां विपक्षी दलों ने महागठबंधन का ऐलान कर भाजपा की टेंशन बढ़ा दी थी तो वहीं भाजपा द्वारा क्रांतिधरा पर शनिवार व रविवार को किए गए महामंथन से पिपक्षों दलों की धड़कने तेज हो गई है। यह बैठक इसलिए भी खास मानी जा रही है। क्योंकि इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पार्टी के रणनीतिकार अमित शाह ने शिरकत की। इतना ही नहीं बल्कि पार्टी के नेताओं को जीत का मंत्र भी दिया।
वहीं गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा। गृहमंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री बनने का सपने देखने वाले एक पार्टी के अध्यक्ष को संसद की गरिमा बनाए रखनी चाहिए। लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्यार करते हैं, इसलिए उन्होंने भी संसद में अपना प्यार व्यक्त करने की कोशिश की और वहां चिपको आंदोलन शुरू कर दिया। आपको याद होगा कि राहुल गांधी ने संसद में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान पीएम मोदी को गले लगाया था।