बहसूमा। गांव रामराज के मोहल्ला गौतमनगर नई बस्ती में रविवार शाम गाय चराने को लेकर दो पक्षों में जमकर गाली-गलौज और मारपीट हो गई। एक पक्ष ने गाय पर धारदार हथियार से हमले का आरोप लगाया तो दूसरे ने बेवजह मारपीट की बात कही। सुबह दोनों पक्षों में समझौता हो गया । लेकिन रात होते-होते मामला फिर गरमा गया। पुलिस मामले की जांच में लगी है।
गौतमनगर नई बस्ती निवासी सीमा पत्नी मुकेश पक्ष ने तहरीर देकर बताया कि रविवार को उनका बेटा चांद मध्य गंगा नहर के पास गाय चराने गया था। शाम को घर लौटते समय चतर सिंह के बाग के पास एहसान पक्ष के लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद मारपीट की गई और विरोध करने पर गाय पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया।
गौ सेवा कार्यकर्ताओं ने भी कार्रवाई की मांग की
वहीं, दूसरे पक्ष के एहसान का कहना है कि चांद, उसका भाई और तीन-चार अज्ञात लोगों ने बेवजह गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दी थी। एहसान ने दावा किया कि उस समय दोनों पक्षों में आपसी समझौता करा दिया गया था। वही इस संबंध में सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि सुबह एहसान पक्ष ने चांद पर मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। लेकिन रात को मामला फिर तूल पकड़ गया है। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी होगा। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।