शामली के कस्बा कांधला में एक महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला पुलिस जांच में फर्जी निकला। महिला ने प्रेमी को मुलाकात के लिए अपने घर बुलाया था। सास ने उन्हें आपत्तिजनक हालत में देख लिया था, जिसके बाद महिला ने युवक पर घर में घुसकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा दिया। बाद में सच्चाई सामने आने पर महिला अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ गई। इसको लेकर समाज के लोगों की पंचायत हुई, जिसमें महिला को उसके पति ने तलाक दे दिया।
जनपद मुजफ्फरनगर के एक गांव निवासी युवती की शादी तीन वर्ष पूर्व कस्बा कांधला के एक मोहल्ला निवासी युवक के साथ हुई थी। महिला के घर पर उसकी रिश्तेदारी से बुढ़ाना निवासी एक युवक का आना जाना था। सोमवार दोपहर परिवार के लोग गेहूं कटाई के लिए खेत पर गए थे। घर में महिला व उसकी सास अकेली थी। दोपहर के समय महिला ने कॉल करके प्रेमी को अपने घर बुला लिया। कुछ देर के बाद महिला की सास ने उन दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। पुलिस को सूचना दी गई कि महिला के साथ एक युवक ने घर में घुसकर दुष्कर्म किया है।
पढ़ें : दूल्हे के बजाए प्रेमी के गले में डाली वरमाला, बारातियों ने युवक को जमकर पीटा
इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला तथा युवक को थाने ले आई। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने मामला संदिग्ध लगने पर महिला से सख्ती से पूछताछ की और युवक के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही, तो महिला ने सच्चाई उगल दी। बाद में समाज के लोग महिला को अपने साथ घर ले गए। रात करीब सात बजे उक्त प्रकरण को लेकर समाज के लोगों की पंचायत हुई। पंचायत में भी महिला अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही। इसके चलते पति ने पंचायत में उसको तलाक दे दिया।
थाना प्रभारी ओपी चौधरी का कहना है कि महिला के साथ दुष्कर्म का आरोप झूठा निकला। पंचायत में महिला को तलाक देने के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/