दास मोटर्स के मालिक के खाते से 10 लाख उड़ाए
मेरठ। दास मोटर्स के मालिक के खाते से बैंक मैनेजर ने 10 लाख रुपये बिहार के एक युवक के खाते में ट्रांसफर कर दिए। जानकारी होने पर मैनेजर ने इसकी सदर बाजार थाने में शिकायत की है।
सदर बाजार थाना क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक आबूलेन शाखा में अविनाश कुमार मुख्य प्रबंधक हैं। उन्होंने बताया है कि दास मोटर्स के मालिक राहुल दास का बैंक में अकाउंट है। बैंक की बिल्डिंग भी उन्हीं की है। बीती 28 सितंबर को उनके मोबाइल पर कॉल आई। ट्र कॉलर पर यह नंबर राहुल दास डायरेक्टर के नाम पर दर्ज था। उधर से आवाज आई कि राहुल दास बोल रहा हूं। बैंक की लीज बनवाने और मोदीनगर में तैयार हो रहे शोरूम के लिए लिमिट बनवाने को लेकर चर्चा करनी है। 29 सितंबर की मीटिंग तय हुई। अविनाश ने बताया कि अगले दिन फिर उसी नंबर से कॉल आई। कहा कि व्यस्त होने के कारण वह 30 सितंबर को बैंक आएंगे।
अगले दिन फिर कॉल्र आई। इस बार कॉल बैंक प्रबंधक बीरबल गाबा के फोन पर आई। मीटिंग का जिक्र करते हुए फिर एक बार बैंक न आ पाने पर खेद जताया। दूसरे ही पल कुछ पैसे खाते से ट्रांसफर करने के लिए कहा। साथ ही शोरूम से चेक भेजने के लिए भी कहा। अविनाश ने बताया कि राहुल दास स्थायी ग्राहक हैं। इसलिए चेक आने से पहले ही बैंक ने नैनीताल बैंक शाखा काशीपुर उत्तराखंड में 8,85,500 रुपये और पंजाब नेशनल बैंक बिहार में 9,85,500 रुपये ट्रांसफर कर दिए। काफी देर बाद भी चेक नहीं पहुंचा तो दोबारा उसी नंबर पर संपर्क किया। शोरूम कर्मचारी ने बताया कि यह धनराशि राहुल दास ने ट्रांसफर नहीं कराई है। मुख्य प्रबंधक ने तुरंत दोनों बैंकों से संपर्क किया परंतु तब तक देरी हो चुकी थी। बिहार वाले खाते से 9,85,500 रुपये जबकि दूसरे से 65000 रुपये निकाले जा चुके थे। एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि बैंक मैनेजर ने शिकायत पत्र दिया पुलिस मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज करेगी।