झुग्गी झोंपड़ी में रहे 50 लोगों ने खुद को बताया असम का निवासी
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। शहर की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस लगातार संदिग्ध लोगों का सत्यापन कर रही है। इसी क्रम में मंगलवार को कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के भोला रोड पर चेकिंग की गई तो यहां भी झुग्गी झोंपड़ियां बनाकर रह रहे दस संदिग्ध परिवार मिले। इन्होंने खुद को असम का निवासी बताया है। पुलिस इनके पहचान पत्र आदि की जांच कर रही है। पुलिस यक्ष एप की भी मदद ले रही है।
जिले में दो जनसेवा केंद्रों पर फर्जी आधार कार्ड बनने के खुलासे और मेरठ से जुड़े कई युवाओं का आतंकी कनेक्शन मिलने के बाद पुलिस और खुफिया विभाग अलर्ट मोड पर है। मंगलवार को पुलिस और खुफिया विभाग की टीम ने भोला रोड पर चेकिंग की। यहां 50 लोग एक स्थान पर दस झुग्गी झोंपड़ियां बनाकर रहते मिले। इनमें महिलाएं और बच्चे भी है। इनसे पुलिस ने पहचान पत्र मांगे तो कुछ लोग नहीं दिखा पाए। हालांकि कुछ लोगों ने असम के पहचान पत्र दिखाते हुए खुद को वहीं का निवासी बताया।
पुलिस और खुफिया विभाग इनकी गहनता से पड़ताल कर रही है। बड़ी संख्या में असम के निवासी मेरठ आकर क्यों रहने लगे हैं। इसकी भी पुलिस व खुफिया विभाग जांच कर रही है। इसके अलावा भोला रोड पर एक अन्य स्थान पर भी कुछ परिवार मिले लेकिन पड़ताल में यह शाहजहांपुर जिले के निवासी निकले। इसके चलते इनकी अधिक पड़ताल नहीं की गई।
पहले भी मिले हैं असम के निवासी
इससे पहले जवाहरनगर, घोसीपुर, जमनानगर, जाहिदपुर में भी दो सौ संदिग्ध परिवार मिले थे। प्राथमिक जांच में एक हजार में से केवल 70 लोग ही आधार कार्ड दिखा पाए थे। इनकी अभी तक जांच पड़ताल जारी है। इनके संबंध में असम और पश्चिम बंगाल पुलिस से रिपोर्ट मांगी गई है।
वर्जन-
सुरक्षा की दृष्टि से शहर में रह रहे संदिग्ध लोगों का सत्यापन किया जा रहा है। संदिग्ध लोग खुद को जिन प्रदेशों का निवासी बता रहे हैं। वहां की पुलिस से इनके संबंध में रिपोर्ट मांगी जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। जिस विभाग की भूमि पर यह रह रहे हैं। उस विभाग को भी इनके संबंध में रिपोर्ट भेजी जा रही है।
विनायक गोपाल भोसले, एसपी सिटी