सरधना। गांव सलावा में गंगनहर के पुराने पुल के टूटने के करीब डेढ़ माह से क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, अब केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर फिलहाल अस्थाई पुल बनाने को लेकर चर्चा की। इसके बाद लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग और सेतु निगम द्वारा बुधवार से अस्थाई पुल बनाने के लिए कार्य शुरू किया जाएगा। वहीं, जिलाधिकारी के आदेश पर एक तकनीकी टीम का गठन किया गया है, जो लागत और गुणवत्ता की देखरेख करेगी।
एक अप्रैल की सुबह सलावा गंगनहर के पुराने पुल पर डस्ट से भरा ट्रक गुजरते समय पुल बीच में से टूट गया था। जिसमें डस्ट से भरा ट्रक आधा गंगनहर में लटक गया था। तब से ही क्षेत्र के दर्जनभर गांवों का संपर्क मुख्य मार्ग से हुआ है। जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने सांसद निधि से फिलहाल अस्थाई पुल का निर्माण कराने के लिए कहा। मंगलवार को सलावा झाल पर पहुंचे सांसद डॉ. बालियान ने कहा कि स्थायी पुल के निर्माण में अधिक समय लगेगा। इसलिए जनता की समस्या को देखते हुए अस्थायी पुल का निर्माण किया जाना तय किया गया है।
लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग व सेतु निगम मिलकर पुल का निर्माण कराएंगे। बुधवार से अस्थाई पुल के निर्माण के लिए कार्य शुरू किया जाएगा। वहीं, जिलाधिकारी द्वारा गठित तकनीकी टीम की रिपोर्ट के आधार पर निर्माण कार्य किया जाएगा। ग्रामवासियों के आवागमन में कोई असुविधा न हो तथा संबंधित अधिकारियों को पुल का अस्थायी निर्माण जल्द से जल्द कराने हेतु भी निर्देशित किया।
एसडीएम जागृति अवस्थी ने बताया कि जिला स्तर पर गठित टीम मुआयना कर रिपोर्ट तैयार करेगी। वहीं, निर्माण कार्य की गुणवत्ता के लिए गठित टीम लगातार देखरेख करेगी। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रधान, ठाकुर रामनाथ सिंह, उदय प्रताप, अमित सोम, ओमप्रकाश, विक्रम कुशावली, कुलदीप पहलवान आदि मौजूद रहे।