मेरठ। टेंपो में सवार बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा के साथ चालक ने छेड़छाड़ कर दी। छात्रा ने परिजनों को कॉल करने की कोशिश की तो आरोपी ने उसका मोबाइल छीन लिया। भीड़ एकत्र होने पर आरोपी मोबाइल वापस देकर फरार हो गया। छात्रा ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
लोहियानगर थाना क्षेत्र निवासी बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा शुक्रवार सुबह टेंपो से चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय जा रही थी। छात्रा ने बिजली बंबा चौकी पर उतरने की कोशिश की तो टेंपो चालक ने उसे तेजगढ़ी पर छोड़ने की बात कही। आरोप है कि एल-ब्लाक चौकी से आगे जाने पर टेंपो चालक ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ कर दी। छात्रा ने विरोध करने पर टेंपो की गति बढ़ा दी। इसी दौरान छात्रा ने शोर मचा दिया। कुछ राहगीर रुक गए। आरोपी ने मोबाइल वापस देकर छात्रा को टेंपो से उतार दिया। इसके बाद तेजगढ़ी की तरफ फरार हो गया। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी चालक की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।