दिन में तापमान 3.3 डिग्री गिर गया, लेकिन आर्द्रता बढ़ने के कारण गर्मी का अहसास अन्य दिनों से ज्यादा दिखाई दिया। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
अधिकतम आर्द्रता 62 और न्यूनतम 45 प्रतिशत दर्ज की गई। आईआईएफएसआर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि दिन का तापमान सामान्य था जबकि रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा था। दो दिन तक तापमान 40 डिग्री के आसपास ही रहेगा और मौसम साफ रहेगा। गर्मी का असर अभी ऐसे ही बना रहेगा। गर्मी से अभी राहत के आसार कम दिख रहे है।
जब नमी बढ़ती है तो ज्यादा होता है गर्मी का अहसास
आईआईएफएसआर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि शनिवार को मौसम में नमी बहुत थी। दिन में सुबह 62 और दोपहर में 45 प्रतिशत पर आ गई। जब नमी बढ़ जाती है तो गर्मी का अहसास ज्यादा होता है। शनिवार को ऐसे ही देखने को मिला। तापमान तो कम हो गया, लेकिन नमी बढ़ने के कारण गर्मी ने दम निकाल दिया। मौसम का यह हाल आगे भी ऐसे ही बना रहेगा।