किशोरी चंडीगढ़ से बरामद, पुलिस ने ली राहत की सांस
फलावदा। गांव बातनौर से बहला-फुसलाकर ले जाई गई किशोरी को पुलिस ने बरामद कर लिया। किशोरी बरामदगी नहीं होने से गांव में रोष व्याप्त था। किशोरी की बरामदगी के लिए गांव में शुक्रवार को हुई पंचायत में पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया था। मामला अलग-अलग समुदाय का होने के कारण गांव में एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात किया गया था।
क्षेत्र के गांव बातनौर से आठ फरवरी को विशेष समुदाय का युवक एक किशोरी को बहला-फुसलाकर कर ले गया था। किशोरी के पिता ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसके चलते गांव में रोष व्याप्त है। शनिवार को बलराज डूंगर एवं सरधना विधायक ठाकुर संगीत सोम ने गांव में आयोजित पंचायत में किशोरी की बरामदगी के लिए पुलिस को 24 घंटे का समय दिया था। तीन टीमें दिल्ली रेलवे स्टेशन, हरिद्वार तथा चंडीगढ़ में दो दिन से जमी हुई थी। किशोरी के बरामद होने पर पुलिस ने राहत की सांस ली है। एसपी देहात तथा सीओ ने भी थाने में डेरा जमाए रखा।
क्षेत्रीय अधिकारी उदय प्रताप ने बताया कि किशोरी की बरामदगी व आरोपी को पकड़ने के लिए थाना प्रभारी शिववीर भदोरिया, सर्विलांस टीम तथा क्राइम ब्रांच की टीम लगाई गई थी। किशोरी को चंडीगढ़ से बरामद कर लिया है। आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, थाना पुलिस शाम तक किशोरी को थाने लेकर नहीं पहुंची थी। किशोरी की बरामदगी के लिए पुलिस ने आरोपी पक्ष की दो महिलाओं, पिता सहित करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया था।