संवाद न्यूज़ एजेंसी
मेरठ। टीपी नगर थाना क्षेत्र में एटीएम की छत पर चढ़कर एसी का आउटडोर यूनिट चोरी करने का प्रयास कर रहे एक किशोर को पेट्रोल पंप कर्मचारियों और एटीएम के गार्ड ने रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी को पकड़ने के बाद लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। आरोपी ब्रह्मपुरी क्षेत्र का रहने वाला है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को लेकर थाने आ गई।
सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि दिल्ली रोड पर फुटबॉल चौक से पहले एक निजी बैंक का एटीएम बना हुआ है। एटीएम में नीरज गार्ड की नौकरी करता है। नीरज को बृहस्पतिवार रात छत के ऊपर से तार काटने की आवाज सुनाई दी। पेट्रोल पंप के कर्मचारी डंडा लेकर छत पर चढ़े और किशोर को लेकर नीचे लेकर आए। पूछताछ में किशोर संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिससे लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर आई। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से चोरी किया गया तार भी बरामद हुआ। एटीएम से एक महीने में तीन बार आउटडोर तार चोरी हो गए थे।