सरधना। झूला झूलते समय किशोर को रसल वाइपर के बच्चे ने डसा। संवाद
सरधना। क्षेत्र के गांव कुशावली में बुधवार शाम स्कूल में झूला झूलने गए 15 वर्षीय किशोर को जहरीले रसल वाइपर के बच्चे ने डस लिया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन सांप को बोतल में बंद कर तत्काल किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरधना लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर होने पर एहतियातन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
गांव कुशावली निवासी हर्ष पुत्र सुधीर गांव के सरकारी स्कूल परिसर में लगे झूले पर झूल रहा था। इसी दौरान झूले के पाइप पर बैठे रसल वाइपर सांप ने उसके हाथ की अंगुली में डस लिया। घटना के बाद परिजनों ने सूझबूझ दिखाते हुए सांप को बोतल में बंद कर लिया और हर्ष को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी सीएचसी पहुंची। टीम ने जांच के बाद सांप की पहचान रसल वाइपर के रूप में की और उसे अपने कब्जे में ले लिया।
सीएचसी सरधना के चिकित्सक डॉ. कपिल गर्ग ने बताया कि समय पर अस्पताल पहुंचने और उपचार मिलने से किशोर की हालत फिलहाल स्थिर है। एहतियात के तौर पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां चिकित्सकीय निगरानी में उसका उपचार जारी है।
सरधना। झूला झूलते समय किशोर को रसल वाइपर के बच्चे ने डसा। संवाद