यूपी के मेरठ में एक किशोर ने मां की डांट से आहत होकर आत्महत्या कर ली। किशोर का शव कमरे में पंखे से लटका मिला।
गंगानगर क्षेत्र के एफ ब्लाक में मां की डांट से क्षुब्ध होकर एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 15 वर्षीय मयंक शर्मा पुत्र सुभाष शर्मा टैप्स स्कूल में 9वीं का छात्र था। शनिवार दोपहर वह खेलकर घर आया तो मां सुनीता ने डांटते हुए पढ़ाई करने की बात कही। सुनीता ने बताया कि कुछ देर बाद उन्होंने मयंक को खाना खाने के लिए आवाज दी। लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया।
कमरा भी अंदर से बंद था। कई बार बुलाने पर भी जब कोई उत्तर नहीं मिला तो उन्होंने पड़ोसियों को बुला लिया। दरवाजा तोड़कर जब लोग अंदर पहुंचे तो मयंक चुन्नी के सहारे पंखे से लटका था। लोग उसे अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची। परिजनों ने शव के पोस्टमार्टम से इंकार कर दिया।