नेहरू पार्क में तीज उत्सव में नृत्य करती महिलाएं श्रोत संवाद
हस्तिनापुर (मेरठ)। ऐतिहासिक नगरी के नेहरू पार्क में नगर पंचायत की ओर से पहली बार तीज पर विशेष समारोह का आयोजन किया गया। नेहरू पार्क में देर शाम तक महिलाओं ने लगे झूलों का आनंद लिया और गीतों पर जमकर नृत्य किया।
यहां नगर पंचायत की ओर से चार झूले भव्य रूप से सजाए गए। पार्क को भी सुबह से ही नगर पंचायत के कर्मचारी भव्य रूप से सजाने के लिए लगे थे। शाम के समय कार्यक्रम की शुरुआत लोकगीतों के साथ की गई। नगर पंचायत की चेयरपर्सन सुधा खटीक ने कहा कि हरियाली तीज के जैसे प्राचीन सांस्कृतिक परंपरा को बचाने के लिए यह आयोजन किया गया।उन्होंने बताया कि पहले हर घर-आंगन में खूब झूले पड़ते थे। महिलाएं शृंगार कर ढोल की थाप पर लोकगीत गाती थीं।
उन्होंने कहा कि अब लोगों के पास इतना समय नहीं है। इसलिए ऐसे पर्वों के प्रति जागरूकता भी जरूरी है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मी तैनात रहीं। देर रात तक नेहरू पार्क में तीज उत्सव चलता रहा।