संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। थाना सरधना क्षेत्र के रार्धना-पाली गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक निजी कंपनी के टीम लीडर से बाइक और मोबाइल लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने चार बदमाशों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। उसका दावा है कि बदमाशों में एक युवती भी शामिल थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुजफ्फरनगर जनपद के थाना रतनपुरी क्षेत्र के गांव मुजाहिदपुर निवासी आकाश शर्मा पेटीएम कंपनी में बड़ौत जोन के सेल्स विभाग में टीम लीडर हैं। शुक्रवार देर रात वह काम खत्म कर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। आरोप है कि पाली पुल के निकट पहले से मौजूद एक युवक ने बाइक आगे लगाकर उन्हें रोक लिया। इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार होकर तीन अन्य नकाबपोश भी वहां पहुंच गए। पीड़ित के अनुसार चारों आरोपियों ने उन्हें घेरकर मारपीट की और जेबों की तलाशी ली। नकदी नहीं मिलने पर बदमाश उनकी बाइक और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
बदमाशों के जाने के बाद वह पैदल एक ईंट-भट्ठे तक पहुंचे, जहां मौजूद लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में आरोपियों की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
पीड़ित ने दावा किया है कि वारदात में शामिल एक युवती भी थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही क्षेत्र के सक्रिय अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
-