16 को डायट मवाना खुर्द में लगेगा जिला स्तरीय नवाचार मेला, शिक्षक और प्रशिक्षक साझा करेंगे सफल प्रयोग
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। पढ़ाई को केवल किताबों तक सीमित रखने के बजाय उसे रोचक, सरल और प्रयोगात्मक बनाने के लिए शिक्षक अपने नए तरीकों और अभिनव प्रयोगों को सामने लाएंगे। इसके लिए 16 नवंबर को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) मवाना खुर्द में जिला स्तरीय नवाचार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक तथा डायट के प्रवक्ता प्रतिभाग करेंगे।
मेले में शिक्षक कक्षा शिक्षण से जुड़े अपने नवाचारों और बेहतर कार्यप्रणालियों (बेस्ट प्रैक्टिसेस) का प्रदर्शन करेंगे। इन प्रयोगों का उद्देश्य विद्यार्थियों में सीखने की रुचि बढ़ाने के साथ ही जिले के अन्य विद्यालयों को भी नई शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराना है। नवाचार मेले के लिए विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों और डायट प्रवक्ताओं से प्रविष्टियां मांगी गई हैं। इसके लिए बृहस्पतिवार तक आवेदन मांगे गए हैं।
आयोजन में जिले के प्रत्येक ब्लॉक का प्रतिनिधित्व अनिवार्य किया गया है। शिक्षक अपने अनुभवों के माध्यम से बताएंगे कि किस तरह नए विचारों, गतिविधियों और शिक्षण तकनीकों के जरिये विद्यार्थियों को विषयों की समझ बेहतर तरीके से विकसित करने में मदद मिल सकती है।
चार वर्गों में चुने जाएंगे सर्वश्रेष्ठ नवाचार
जिला स्तर पर नवाचारों का चयन प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक विद्यालय और शिक्षक प्रशिक्षक के चार वर्गों में किया जाएगा। प्रत्येक वर्ग से सर्वश्रेष्ठ नवाचार एवं बेस्ट प्रैक्टिसेस का चयन विशेषज्ञों की ओर से किया जाएगा। चयनित शिक्षकों को अपने प्रयोगों का विवरण सॉफ्ट कॉपी, पीपीटी, दो प्रासंगिक तस्वीरों और वीडियो के साथ निर्धारित प्रारूप में प्रस्तुत करना होगा। इन नवाचारों और बेहतर शिक्षण पद्धतियों को उद्गम पोर्टल (udgam.org.in) पर पंजीकरण के बाद अपलोड किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक माह की 10 तारीख तक अभिलेख पोर्टल पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। इसका उद्देश्य जिले में विकसित सफल शिक्षण प्रयोगों को प्रदेश के दूसरे शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाना है, ताकि अन्य विद्यालयों के शिक्षक भी इनसे सीखकर अपने यहां लागू कर सकें। नवाचार मेले में चयनित प्रयोगों के लिए संबंधित शिक्षकों को भी आमंत्रित किया जाएगा।