फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News: हर्षोल्लास से मना भैया दूज पर्व, बाजारों में रही रौनक

विज्ञापन
दौराला - भैया दूज पर शिवि कौर अपने भाइयों श्रीयांश सिंह व ओरियन सिंह को तिलक करती। स्रोत : परिज
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

मवाना/सरधना/रोहटा/सरूरपुर/परीक्षितगढ़/लावड़। बुधवार को नगर और देहात क्षेत्रों में भाई-बहन के पवित्र प्रेम का प्रतीक भैया दूज का पर्व धूमधाम से मनाया गया। बहनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भाइयों के माथे पर तिलक लगाया। उन्होंने भाइयों की सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना की। बदले में भाइयों ने भी बहनों को रक्षा का वचन देते हुए उपहार भेंट किए।
सुबह से ही घरों में पर्व की रौनक दिखाई दी। दूर-दराज से भाई अपनी बहनों से तिलक लगवाने पहुंचे। बहनें भी भाइयों के घर तिलक करने गईं। इस दौरान सड़कों पर खासी चहल-पहल रही। मिठाइयों की दुकानों पर सुबह से ही खरीदारी के लिए भीड़ जुटी रही। पूजन सामग्री और उपहारों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ देखी गई। सरधना, नानू, इकड़ी, जुल्हेड़ा, कपसाड़, झिटकरी, रार्धना, करनावल, खिवाई, गोटका और रासना सहित आसपास के कई गांवों में पर्व की धूम रही। रोहटा, पूठखास, डूंगर, मीरपुर, कलीना और डालमपुर जैसे देहात क्षेत्रों के विभिन्न गांवों में भी पर्व को लेकर अपार उत्साह देखा गया।
विज्ञापन


बाजारों में रौनक और यात्रियों की आवाजाही
पर्व के चलते नगर के मुख्य बाजारों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक दिनभर चहल-पहल रही। बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर यात्रियों की आवाजाही अधिक रहने से गहमागहमी का माहौल बना रहा। रोडवेज और निजी बसों के अलावा टेंपो, टाटा मैजिक और टैक्सियों में भी यात्रियों की भीड़ देखी गई। मिठाई, फल, कपड़े और उपहारों की दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। सड़क किनारे खील-बताशे बेचने वालों की दुकानें भी सजी रहीं।

विभिन्न क्षेत्रों में उत्साह और परंपराएं
मवाना में बहनों ने भाइयों को गोला (नारियल) और मिठाई खिलाकर पर्व की परंपरा निभाई। परीक्षितगढ़ में कथा वाचक नेहा बंसल ने यम और यमुना की कथा सुनाई। उन्होंने बताया कि यह त्योहार भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक है। यमुना ने अपने भाई यमराज को भोजन पर बुलाया था। यमराज ने बहन को अनेक उपहार देकर यह त्योहार मनाया था।
विज्ञापन


यातायात व्यवस्था और सुरक्षा
भैया दूज के चलते मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। इससे कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लावड़ कस्बे में भी मुख्य मार्गों पर जाम ने राहगीरों की परेशानी बढ़ाई। सरधना क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी दिनभर गश्त करते रहे। दिनभर उत्सव जैसा माहौल रहा और परिजनों ने एक-दूसरे को भैया दूज की शुभकामनाएं दीं।

दौराला - भैया दूज पर शिवि कौर अपने भाइयों श्रीयांश सिंह व ओरियन सिंह को तिलक करती। स्रोत : परिज

दौराला - भैया दूज पर शिवि कौर अपने भाइयों श्रीयांश सिंह व ओरियन सिंह को तिलक करती। स्रोत : परिज

दौराला - भैया दूज पर शिवि कौर अपने भाइयों श्रीयांश सिंह व ओरियन सिंह को तिलक करती। स्रोत : परिज

दौराला - भैया दूज पर शिवि कौर अपने भाइयों श्रीयांश सिंह व ओरियन सिंह को तिलक करती। स्रोत : परिज

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें