मवाना। मवाना खुर्द स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित किशोरावस्था शिक्षा कार्यक्रम के तीसरे दिन विशेष रूप से एचआईवी/एड्स और किशोरों के स्वास्थ्य पर केंद्रित रहा।
पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों और प्रशिक्षुओं को किशोरावस्था स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं के प्रति जागरूक व संवेदनशील बनाना है, ताकि वे इस महत्वपूर्ण और सही ज्ञान को भावी पीढ़ियों तक सुगमता से पहुंचा सकें। प्रथम सत्र में डॉ. शिवराज सिंह ने भारत में एचआईवी/एड्स की वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डाला और इसके सामाजिक पहलुओं के बारे में प्रशिक्षुओं को जानकारी दी। द्वितीय सत्र में पिंकी शर्मा ने एचआईवी/एड्स की रोकथाम, बचाव के प्रभावी तरीकों और समाज में इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।
तृतीय व चतुर्थ सत्र में विशेष मेडिकल टीम को आमंत्रित किया गया। टीम में पूर्व अपर निदेशक डॉ. ज्योत्सना, आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके तंवर, समाजसेवी मंजुल एवं डॉ. शिक्षा तंवर शामिल रहे। प्रशिक्षण प्रभारी प्रियंका द्वारा प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया, जिसमें प्रशिक्षुओं की विभिन्न जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का विशेषज्ञों द्वारा संतोषजनक समाधान किया।