मवाना। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा जनपद के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के क्षमता संवर्धन के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दूसरे दिन विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, सहिष्णुता, कर्तव्यबोध तथा नागरिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने पर बल दिया।
मानवीय एवं संवैधानिक मूल्यों पर आधारित इस विशेष प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को विद्यालयी परिवेश में संवैधानिक आदर्शों, नैतिक आचरण, समानता, बंधुता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उन्मुख करना है। दो दिनों के दौरान आयोजित विभिन्न शैक्षणिक सत्रों, समूह चर्चाओं, गतिविधि-आधारित शिक्षण, व्यावहारिक प्रकरणों के अध्ययन और आपसी अनुभव साझा करने के माध्यम से प्रतिभागी शिक्षकों को कक्षा-कक्ष में मूल्यपरक शिक्षा को धरातल पर उतारने के व्यावहारिक उपायों से परिचित कराया। प्रशिक्षण की नोडल अधिकारी प्रियंका, डॉ. मंजीत कौर खनूजा, डॉ. पूजा शर्मा, डॉ. धीरेंद्र सिंह, डॉ. अमित सिंह, गौरव त्यागी, पिंकी शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।