मुजफ्फरनगर में नईमंडी के भोपा रोड पर एक शिक्षक ने गुरु-शिष्य के रिश्ते को कलंकित कर दिया। कोचिंग में आई छात्रा के साथ शिक्षक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा ने वहां रखे बर्फ तोड़ने वाले सुआ से शिक्षक पर प्रहार कर अपनी अस्मत बचाई। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
मंसूरपुर क्षेत्र की निवासी छात्रा यहां नईमंडी के भोपा रोड पर एक कोचिंग सेंटर में पढ़ने आती है। छात्रा दोपहर निर्धारित समय पर अपनी कोचिंग क्लास में आई थी। उस समय अन्य विद्यार्थी नहीं पहुंचे थे। इसी का फायदा उठाते हुए कोचिंग संचालक शिक्षक ने छात्रा से दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा ने शोर मचाया। इसी बीच छात्रा ने वहां रखे सुआ उठाकर शिक्षक पर प्रहार किया। इसी दौरान छात्रा भाग निकली। वह रोती बिलखती सड़क पर दौड़ रही थी, जिसे देखकर यहां से गुजर रहे सीओ सिटी के चालक ने छात्रा से जानकारी ली। छात्रा ने आपबीती सुनाई। कांस्टेबल चालक ने उसे तुरंत गाड़ी में बैठाकर नईमंडी कोतवाली पहुंचाया। छात्रा ने यह भी बताया कि उसके पिता भी सब इंस्पेक्टर हैं। पुलिस ने कोचिंग सेंटर पर दबिश देकर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर नईमंडी कुशलपाल सिंह ने बताया कि आरोपी शिक्षक अजय शर्मा मूलरूप से शामली के झिंझाना क्षेत्र के गांव लावा दाउदपुर का निवासी है। वह शहर के एक पब्लिक स्कूल में शिक्षक है और भोपा रोड पर कोचिंग सेंटर भी चलता है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/