मुंडाली। मुंडाली थाना क्षेत्र के एक गांव में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में छात्राओं के साथ अश्लील हरकत करने और छेड़छाड़ के आरोपी शिक्षक सुधाकर सिंह पर पुलिस और शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। बीएसए के द्वारा उसे बीते दिन निलंबित किया गया था। वहीं पुलिस ने एसएसपी के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बीते दिनों एक गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत सहायक अध्यापक सुधाकर सिंह पर छात्राओं द्वारा अश्लील हरकत और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। जिसमें एक अभिभावक की ओर से आरोपी सहायक अध्यापक के खिलाफ मुंडाली थाना पर तहरीर दी गई थी। बीएसए को भी इस मामले में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
बीएसए आशा चौधरी ने इस मामले की जांच कराई, जिसमें सहायक अध्यापक सुधाकर सिंह आरोपी पाए गए। जिन्हें बीते दिनों निलंबित कर दिया गया। वहीं मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू की और मुंडाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक सुधाकर सिंह को भटीपुरा के पास से गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।
सीओ किठौर सौम्या अस्थाना ने बताया कि इस मामले में पुलिस को मिली तहरीर के आधार पर जांच की गई थी, जिसमें सहायक अध्यापक पर लगाए गए आरोपी की पुष्टि हुई थी। जिसके तहत पॉक्सो एक्ट में कार्रवाई की गई है और आरोपी अध्यापक सुधाकर सिंह को बुधवार को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।-