मेरठ। जानी थाना पुलिस ने जानी खुर्द में हुई चाय विक्रेता अनिल उर्फ बिल्लू की हत्या का खुलासा कर दिया। पुलिस ने शुक्रवार रात हत्यारोपी आकाश उर्फ साहिल कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि अनिल के यौन हिंसा की कोशिश करने पर आरोपी ने उसकी हत्या की।
जानी खुर्द में 9 जून सोमवार को एक निर्माणाधीन मकान के प्लाट में एक व्यक्ति का शव मिला था। बुधवार को शव की पहचान अनिल उर्फ बिल्लू (52) के रूप में हुई। वह मेरठ के टीपीनगर क्षेत्र में शिव हरि कॉलोनी का निवासी था। वह मकान में ही चाय आदि बेचता था। घटनास्थल के पास मिले उसके स्कूटर से उसकी पहचान हुई।
एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि 21 वर्षीय आकाश उर्फ साहिल कश्यप भी मेरठ के टीपीनगर क्षेत्र के मलियाना शिवनंदी मंदिर के पास का निवासी है। दोनों नशा करते है। दोनों की मलियाना फाटक पर मुलाकात हुई थी। रविवार 8 जून को दुकानदार अनिल उर्फ बिल्लू ने आकाश के साथ मिल कर दावत की योजना बनाई। अनिल के स्कूटर से दोनों जानी खुर्द पहुंचे। वहां बाग में शराब पी। वहां से दोनों देर शाम एक प्लाट में आ गए। वहां अनिल उर्फ बिल्लू ने आकाश के साथ यौन हिंसा का प्रयास किया। आकाश ने उसका ईंट से सिर कूचकर हत्या कर दी। बाद में वह उसका स्कूटर वहीं छोड़कर भाग गया।