कैंट बोर्ड विवादित बंगला 210 बी का मॉल ध्वस्त करने की दूसरी कोशिश शनिवार को दिन निकलने से पहले करेगा। पुलिस-प्रशासन ने इसके लिए पुलिस फोर्स भी उपलब्ध करा दी है। कवायद है कि रात्रि का अंतिम पहर बीतते ही ध्वस्तीकरण कार्रवाई शुरू हो जाए। हालांकि शुक्रवार देर रात ही बिल्डर की सहमति से बंगले में रहने वाले लोगों ने मॉल को तोड़ना शुरू कर दिया।
शुक्रवार को जैसे ही यह बात चर्चाओं में आई तो बंगले में रहने वाले और आसपास के लोग सहम गए। आसपास के लोगों में दहशत है कि कहीं पिछली बार की तरह कोई बखेड़ा न खड़ा हो जाए। धीरे-धीरे बंगले के मुख्य गेट पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हर कोई कैंट बोर्ड की संभावित कार्रवाई पर चर्चा करने लगा। बंगले के लोगों ने बैठक कर हर पहलुओं पर चर्चा शुरू कर दी। इस बीच वहां बिल्डर आनंद प्रकाश पहुंच गए। देर रात बिल्डर की सहमति से बंगले में रहने वाले लोगों ने स्वयं ही मॉल तोड़ना शुरू कर दिया।
पुरुष और महिलाएं हथौड़े और लोहे की रॉड आदि लेकर मॉल पर चढ़ गए। जिसके हाथ में जो आया, वह उसी से मॉल की दीवारों को तोड़ने का प्रयास करने लगा। दीवारों पर लगने वाले हथौड़ों की आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग भी वहां पहुंच गए। वहीं, वेस्ट एंड रोड पर लोगों की भारी भीड़ लग गई। वहां पर व्यापारी नेताओं समेत अन्य लोग पहुंच गए।
हो चुके हैं फेल, अब होगा क्या
गौरतलब है कि रक्षा मंत्रालय के निर्देश के बाद कैंट बोर्ड के सीईओ राजीव श्रीवास्तव ने 19 जून को बंगले के मुहाने पर बने मॉल को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की थी। लेकिन इसे लेकर भाजपाइयों और व्यापारियों ने बखेड़ा खड़ा कर दिया था।
इस दौरान सीईओ के साथ हाथापाई और एक कर्मचारी के साथ लोगों ने मारपीट तक कर दी थी। इनके खिलाफ कैंट बोर्ड ने सदर थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया था। इसी बखेड़े के चलते पुलिस-प्रशासन ने मॉल तोड़ने की कार्रवाई से हाथ खींच लिए थे। मॉल तोड़ने की कार्रवाई के मिस मैनेजमेंट के बाद अब कैंट बोर्ड सीईओ ने कार्रवाई के लिए नया प्लान तैयार किया है। अब यह शनिवार को ही पता लगेगा कि सीईओ का नया प्लान कामयाब होगा या फिर से कोई नया बखेड़ा खड़ा होने पर पहले की तरह यह कार्रवाई भी अधूरी रह जाएगी।\
ऐसे बनाया नया प्लान
सीईओ राजीव श्रीवास्तव के प्लान की कमान सहायक अभियंता पीयूष गौतम ने संभाली है। सीईओ ने बृहस्पतिवार को डीएम को पत्र लिखकर फोर्स की मांग की। जिस पर शुक्रवार को डीएम ने एसएसपी को पत्र लिखकर कैंट बोर्ड को फोर्स देने के निर्देश दिए। जिसके बाद एसएसपी ने फोर्स उपलब्ध करा दी। शुक्रवार रात करीब 11 बजे पुलिस अफसरों ने 210 बी मॉल का निरीक्षण किया। जिसके बाद से उसके ध्वस्तीकरण की सुगबुगाहट तेज हो गई। कैंट बोर्ड की योजना के अनुसार शनिवार को सूरज की पहली किरण के साथ ही मॉल के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।