फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खाक छानने सड़कों पर उतरे पुलिस अफसर

Wed, 06 Apr 2016 01:34 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/मेरठ
विज्ञापन
सिटी रेलवे स्टेशन पर चेकिंग करती पुलिस। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
बिजनौर में हुई एनआईए अफसर तंजील अहमद की हत्या के दो दिन बाद आखिर मेरठ पुलिस जाग ही गई। मंगलवार को पुलिस अफसर अचानक भारी फोर्स के साथ सड़कों पर उतर आए। डॉग स्क्वाएड और बम निरोधक दस्ते के साथ अभियान चलाया। रेलवे स्टेशन और बस अड्डो पर अचानक हुई चेकिंग से लोगों में हड़कंप की स्थिति रही।
विज्ञापन

  एसएसपी डीसी दूबे के निर्देश पर मंगलवार को एसपी सिटी ओपी सिंह मंगलवार दोपहर टीम के साथ सिटी स्टेशन पहुंचे। जहां यात्रियों के अलावा वाहनों की जांच की गई। इसके बाद कैंट रेलवे स्टेशन पर डॉग स्क्वाएड के साथ चेकिंग अभियान चलाया गया।   पुलिस ने ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों से भी ट्रेन में सुरक्षा के बारे में जानकारी ली। भैसाली बस अड्डा पर खड़े संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस ने यात्रियों के बैग और अन्य सामानों की चेकिंग की तो कुछ लोगों ने विरोध जताया। 
विज्ञापन

  सोहराब गेट बस अड्डे पर चेकिंग के बाद जब पुलिस टीम पीवीएस मॉल में पहुंची तो वहां अफरातफरी मच गई। पुलिस ने मूवी को बीच में ही रुकवाकर लोगों की चेकिंग की। पीवीएस मॉल के बाहर सीसीटीवी कैमरे के बारे में एसपी सिटी ने मॉल के मैनेजर से जानकारी करते हुए कड़े निर्देश दिए। इसके अलावा शहर में जिले के सीओ और थाना प्रभारियों ने रुड़की रोड, मेरठ-पौड़ी मार्ग, गढ़ रोड और हापुड़ रोड पर स्थित जिले के बाहरी प्वाइंटों पर चेकिंग की। जहां पुलिस ने बाहरी जिलों से आ रहे वाहनों की भी तलाशी ली।
  तंजील के चेहरे और सिर में एक गोली नहीं लगी   
एनआईए के डीएसपी तंजील अहमद पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गईं, लेकिन एक भी गोली उनके चेहरे या सिर में नहीं लगी। आमतौर पर देखा जाए तो शूटरों का निशाना ज्यादातर सिर होता है, जबकि हत्यारों ने कार की घेराबंदी के बाद तसल्ली से तंजील पर गोलियां बरसाईं। जांच एजेंसियां मानकर चल रही हैं कि हत्या नए शूटरों द्वारा की गई। हर पहलुओं पर जांच एजेंसियां बारीकी से जांच करने में लगी हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी, एसटीएफ, एटीएस, बिजनौर पुलिस ने मंगलवार को तंजील अहमद की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का गहनता से विश्लेषण किया। जिसमें बताया गया कि कार में आगे की दोनों साइडों से तंजील पर गोलियों की बौछार की गई। इस दौरान तंजील को एक गोली गर्दन में जबकि अन्य गोलियां पेट और सीने में लगीं। गर्दन में लगी गोली से तंजील की मौत हुई है, लेकिन हैरानी की बात है कि तसल्ली से इस सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम देने वाले शूटरों ने उनके चेहरे या सिर को टारगेट नहीं किया। 
  हत्या की वारदात में आमतौर पर देखा जाता है कि शूटर द्वारा सबसे पहले माथे, कनपटी या सीधे दिल पर गोली मारी जाती है, ताकि जिंदा बचने की कोई गुंजाइश न रहे। लगभग सभी गोलियां एक एंगल से मारी गई। जिससे साफ जाहिर है कि अधिकांश गोलियां एक बदमाश ने चलाई। हर छोटे-छोटे बिंदुओं पर जांच एजेंसियां बारीकी से जांच करने में जुटी हैं। शार्प शूटरों के अलावा छोटे और नए बदमाशों की कुंडली भी जांच एजेंसियां खंगाल रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें