- उत्तर प्रदेश पैरा कबड्डी संघ की ओर से कराई गई प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। उत्तर प्रदेश पैरा कबड्डी संघ की ओर से परतापुर स्थित सरस्वती पब्लिक स्कूल में पैरा कबड्डी फेडरेशन कप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सोमवार को खेले गए फाइनल मैच में तमिलनाडु की टीम ने राजस्थान को हराकर फाइनल मैच जीता और कप अपने नाम किया।
इससे पूर्व पहला सेमीफाइनल मैच तमिलनाडु और महाराष्ट्र की टीम के बीच खेला गया। इसमें तमिलनाडु की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और महाराष्ट्र को 38-16 के स्कोर से हराकर 22 अंक से मैच जीता और फाइनल में जगह बनाई। दूसरा सेमीफाइनल मैच उत्तर प्रदेश और राजस्थान के बीच हुआ। इसमें राजस्थान ने उत्तर प्रदेश की टीम को 43-26 के स्कोर से हराकर 17 अंक से मैच जीता और फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद फाइनल मुकाबला खेला गया।
फाइनल मैच राजस्थान और तमिलनाडु की टीम के बीच हुआ। इसमें 56-39 के स्कोर से राजस्थान ने 17 अंक से मैच जीता और ट्रॉफी पर कब्जा किया। पैरा खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से सभी को आकर्षित किया। इसके बाद महिला वर्ग में एक मैच हरियाणा और राजस्थान की टीम के बीच खेला गया। इसमें 12-7 के स्कोर से हरियाणा ने राजस्थान को पांच अंकों से हराकर मैच जीता। इस मौके पर मुख्य अतिथि भारतीय वॉलीबाल टीम की कप्तान निर्मल तंवर ने विजेता और उप विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस दौरान बीके कबड्डी एकेडमी के अध्यक्ष विजेंद्र चौधरी, पूर्व जेलर राजेंद्र सिंह, कबड्डी कोच किरण पाल सिंह, गुलबीर चौधरी आदि ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के सदस्यों का भी स्वागत किया गया।