बिजनौर में धरने के दौरान डीएफओ व एसडीएम से वार्ता करते भाकियू टिकैत के कार्यकर्ता। स्रोत संगठन
बिजनौर। गुलदार मुक्त जनपद को लेकर भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले डीएफओ कार्यालय पर चल रहा किसानों का धरना, प्रदर्शन सोमवार को सातवें दिन भी जारी रहा। धरने पर एसडीएम सदर, सीओ सिटी, डीएफओ ने किसानों के बीच पहुंचकर उनसे वार्ता की। अफसरों व किसानों की बीच हुई वार्ता में कोई सहमति नहीं बन पाई है।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष चौधरी सत्यवीर सिंह सोनू एवं पश्चिम उत्तर प्रदेश महासचिव कुलदीप सिंह ने कहा कि जब तक नरभक्षी गुलदार से निजात और जिले को गुलदार मुक्त नहीं किया जाता है। तब तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। जिलाध्यक्ष चौधरी सत्यवीर सिंह ने कहा कि प्रशासन, वन विभाग के पास किसानों को देने को सिर्फ आश्वासन के अलावा कुछ और नहीं है। गुलदार आए दिन किसान, मजदूर और ग्रामीणों पर हमला करके मार रहा है।
धरने पर जितेंद्र पहलवान, नरदेव सिंह, मुकुल चौधरी, विजयपाल सिंह, अशोक कुमार, कुलदीप सिंह, गजेंद्र सिंह, चक्रधर शर्मा, रोहित राणा, रवि शेखर तोमर, संदीप त्यागी आदि उपस्थित रहे।