Meerut News: जाकिर कॉलोनी में तालिब की मौत हो गई, पत्नी ने हार्टअटैक बताया। शक होने पर कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम कराया तो दम घुटने से मौत होना सामने आया। जांच में पता चला कि इलमा ने पैर पकड़े, दोस्त ने हाथ और प्रेमी अमन ने तालिब का गला दबाया था।
लोहियानगर थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी में तालिब की मौत दम घुटने से हुई थी। पत्नी इलमा ने प्रेमी अमन व उसके दोस्त के साथ मिलकर 28 सितंबर की रात दुपट्टे से गला दबाकर हत्या की थी। शुक्रवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो गया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस प्रेमी व दोस्त की तलाश में दबिश दे रही है।
विज्ञापन
Trending Videos
इलमा।
- फोटो : अमर उजाला
जाकिर कॉलोनी निवासी तालिब की शादी करीब चार वर्ष पूर्व ब्रह्मपुरी निवासी इलमा से हुई थी। शादी के बाद से वह जाकिर कॉलोनी में किराये के मकान में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था। आरोप है कि इसी दौरान इलमा का अमन से प्रेम प्रसंग हो गया था। तालिब को इसकी जानकारी हुई तो उसने अमन से पत्नी से बातचीत करने से मना किया था। 28 सितंबर को तालिब काम खत्म करने के बाद शाम को घर पहुंचा था।
आरोप है कि रात में इलमा ने अपने प्रेमी अमन और उसके साथी के साथ मिलकर तालिब का गला दबाकर हत्या कर दी थी। घटना के समय उसकी तीन साल की बेटी पास में ही बेड पर खेल रही थी। इसके बाद इलमा ने तालिब के परिजनों को फोन कर बताया कि उसकी हृदयघात से मौत हो गई है। सूचना मिलने पर परिजन जाकिर कॉलोनी पहुंचे और शव को पैतृक गांव रसूलपुर भदेड़ी, बुढ़ाना जनपद मुजफ्फरनगर ले गए थे। इलमा भी ससुराल चली गई थी। वहां परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए तालिब के शव को दफना दिया था।
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो गया है। दम घुटने उसकी मौत हुई थी। इलमा को जेल भेज दिया गया है। प्रेमी और उसके दोस्त की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
कब्र खोदकर शव का कराया था पोस्टमार्टम
तालिब का ममेरा भाई रईस 30 सितंबर को जाकिर कॉलोनी पहुंचा था। वहीं इलमा भी वापस आ गई थी। उसने इलमा से तालिब का मोबाइल मांगा था। आरोप है कि इलमा ने मोबाइल देने से इंकार कर दिया था। रईस ने घर से तालिब का मोबाइल बरामद कर लिया था। मोबाइल की जांच करने पर उसमें अमन और इलमा के बीच हुई चैट मिली थी।
पूछताछ करने में इलमा ने तालिब की हत्या करना स्वीकार किया था। इस इकरारनामे वीडियो बनाकर परिजनों ने पुलिस को सौंपा था। इसके बाद लोहियानगर पुलिस ने हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। बृहस्पतिवार को डीएम के आदेश पर रसूलपुर दभेड़ी से तालिब का शव कब्र से निकाल कर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में हत्या की बात स्पष्ट हुई।