मेरठ। कमिश्नर एवं रोल प्रेक्षक भानु चंद्र गोस्वामी ने शुक्रवार को कमिश्नरी सभागार में विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के संबंध में बैठक की। इसमें अधिकारियों के साथ ही कई जनप्रतिनिधि भी शामिल रहे। कमिश्नर ने कहा कि मतदाता प्रपत्र वितरण के काम में जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का सहयोग लें। उनके साथ समन्वय बैठक कर प्रत्येक विधानसभावार करें। उन्होंने इस कार्य को शत-प्रतिशत अनुपालन के आदेश दिए।
बैठक में निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के संबंध में की जा रही कार्यवाही के बारे में जानकारी लेकर निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विधानसभावार बीएलओ, बीएलए एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक कराना सुनिश्चित करें ताकि पुनरीक्षण अभियान की समस्याओं का निस्तारण आसानी से हो सके। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि बीएलओ द्वारा प्रपत्र वितरण की कार्यवाही की नियमित निगरानी की जाए। इसी के साथ संबंधित अधिकारियों द्वारा नियमित तौर पर भौतिक सत्यापन करें। सभी अधिकारी और कर्मचारी गंभीरता के साथ पुनरीक्षण कार्य को संपन्न कराएं। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान कैंट विधायक अमित अग्रवाल, शहर विधायक रफीक अंसारी, सरधना विधायक अतुल प्रधान, सिवालखास विधायक गुलाम मौहम्मद, भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तौगी, जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डा. वीके सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, एसडीएम सदर दीक्षा जोशी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार शर्मा सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।