तीन कर निरीक्षकों पर लटकी निलंबन की तलवार
मेरठ। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में ढील बरतने पर नगर निगम के तीन कर निरीक्षकों पर निलंबन की तलवार लटक गई है। अपर नगर आयुक्त ने काम में लापरवाही के चलते इनके निलंबन की संस्तुति कर दी है। इससे विभाग में हड़कंप मचा है।
स्ट्रीट वेंडरों के उत्थान के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना चल रही है। इसके तहत वेंडरों को बैंकों से 10 हजार रुपये का लोन दिलाया जाना है। नगर निगम को स्ट्रीट वेंडरों का पंजीकरण करके बैंकों तक इनके फार्म भिजवाने का काम सौंपा गया है। इसके लिए निगम को 65 हजार वेंडरों के पंजीकरण का लक्ष्य मिला है, लेकिन निगम अधिकारी इसे पूरा नहीं कर सके हैं।
अपर नगर आयुक्त श्रद्धा शांडिल्यायन को समीक्षा बैठक में काम में फिसड्डी मिले तीन कर निरीक्षक राहुल कुमार, राजीव चौधरी और योगेश चौहान के निलंबन की संस्तुति की गई है। श्रद्धा शांडिल्यायन ने बताया कि सभी कर निरीक्षकों को स्ट्रीट वेंडरों का पंजीकरण कराने के लिए एक निश्चित लक्ष्य दिया गया है। तीनों कर निरीक्षक लक्ष्य से बहुत पीछे हैं। इन पर निलंबन की कार्रवाई करने के लिए नगर आयुक्त को लिखा गया है।