- प्रदेश स्तरीय कुश्ती, एथलेटिक्स और कबड्डी प्रतियोगिता के लिए हुए ट्रायल
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। प्रदेश स्तरीय कुश्ती, कबड्डी और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के लिए मेरठ मंडल की टीम का चयन किया जा रहा है। इसे लेकर शुक्रवार को कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में तीनों खेलों के मंडलीय ट्रायल हुए। इसमें खिलाड़ियों ने मंडल की टीम में शामिल होने के लिए खूब पसीना बहाया।
प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता 24 से 26 सितंबर तक कासगंज में होगी। इसके लिए शुक्रवार को स्टेडियम में मंडलीय ट्रायल हुए। इसमें गौतमबुद्धनगर, बागपत, बुलंदशहर सहित अन्य जिलों की महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कबड्डी एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अनिल चौधरी ने बताया कि ट्रायल के बाद मेरठ मंडल की टीम में गौतमबुद्धनगर से साक्षी, ज्योति शर्मा, अंजू, माही और लवी का चयन किया गया। मेरठ से वंशिका और आकांशा का चयन किया गया। बागपत से शगुन, आयशा खान, मानसी, लक्ष्मी, भूमि का चयन किया गया। आरक्षित खिलाड़ी में मेरठ की अनुष्का पाल को चयनित किया गया।
कुश्ती प्रतियोगिता के लिए इनका हुआ चयन
प्रदेश स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन 4 से 6 अक्तूबर तक गोरखपुर में होगा। इसके लिए शुक्रवार को मंडलीय ट्रायल में बागपत, बुलंदशहर, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर आदि जिलों से खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। कोच कुलविंदर ने बताया कि ट्रायल के बाद फ्री स्टाइल में 57 किलोग्राम में कैलाश, 61 में वंश, 65 में देव नागर, 70 में प्रवेश, 74 में प्रदीप, 79 में रितिक, 86 में लक्ष्य, 92 में करन, 97 किलोग्राम में निखिल का चयन किया गया। वहीं, ग्रीको श्रेणी में 55 किलोग्राम में हर्ष, 60 किलोग्राम में हरप्रीत, 63 किलोग्राम में विकास, 72 किलोग्राम में सतेंद्र, 82 में देवराज और विपिन, अंकुर, मनीष आदि का चयन किया गया। खिलाड़ियों ने कुश्ती प्रतियोगिता में एक से बढ़कर एक प्रदर्शन किया।
एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए इन्होंने दमखम दिखाया
मेरठ। प्रदेशीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन 29 से 30 सितंबर तक बरेली में होगा। प्रतियोगिता के लिए शुक्रवार को चौधरी चरण सिंह विवि के खेल मैदान में मंडलीय ट्रायल हुए। इस दौरान मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर से आए एथलीटों ने ट्रायल प्रक्रिया में हिस्सा लिया। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों ने 100, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, हेमर थ्रो आदि खेलों के ट्रायल में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पुरुष और महिला दोनों वर्ग में 50 से अधिक एथलीटों ने इसमें भाग लिया। एथलेटिक कोच गौरव त्यागी ने बताया कि देर शाम तक ट्रायल प्रक्रिया हुई। आज शनिवार को टीम का चयन किया जाएगा।