मवाना। थानाक्षेत्र में गांव ढिकौली के पास मंगलवार को स्कॉर्पियो चालक ने साइकिल सवार शुगर मिल कर्मचारी को टक्कर मार दी। साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिल कर्मचारी के पुत्र ने मामले में मुकदमा दर्ज कराया है।
ढिकौली निवासी नितिन चौहान ने थाने में दी तहरीर में बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे उसके पिता राणा प्रताप सिंह (55) साइकिल से मवाना शुगर मिल में ड्यूटी करने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के चालक ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में पिता को गंभीर चोटें आईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक मौके पर ही गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार के कारण चालक एसयूवी पर नियंत्रण नहीं रख पाया। हादसे के बाद स्कॉर्पियो कई बार पलटी। गाड़ी में सवार एक बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया है।
एसयूवी से घूमने निकले थे
घटनास्थल पर आसपास के लोगों ने बताया कि मोहिउद्दीनपुर के पास बहादुरपुर गांव निवासी एक व्यक्ति के यहां लड़की की शादी है। वह सोमवार रात को स्कॉर्पियो से मिल रोड पर रिश्तेदारों के यहां शादी का कार्ड देने आया था। रिश्तेदार के घर के कुछ युवक सुबह एसयूवी से घूमने निकले थे। सामने से आ रही ई रिक्शा को बचाने के प्रयास में हादसा हो गया।
-----------------------------------
संदिग्ध हालात में वृद्धा की मौत
मवाना। गांव ढिकौली में मंगलवार को संदिग्ध हालात में एक वृद्धा की मौत हो गई। वृद्धा के पुत्र की शिकायत पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी धर्मेद्र सिंह ने बताया कि वृद्धा की मौत सामान्य है। वृद्धा के पुत्र ने मौखिक शिकायत की थी, कोई तहरीर नहीं दी है। संवाद