सरूरपुर। मृतक पवन का फाइल फोटो। फाइल
सरूरपुर। थाना क्षेत्र के गांव भूनी में पवन पुत्र वेदप्रकाश की हत्या के मामले में पीड़ित पक्ष ने एक ओर आरोपी को घटना में शामिल होने का आरोप लगाते हुए सीओ से शिकायत की है। आरोप है कि आरोपी ने दिन में कहासुनी के बाद पवन को हत्या की धमकी दी थी। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, मामले में आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पीड़ित पक्ष से मिलकर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
मृतक के भाई अमित ने सीओ से की शिकायत में बताया कि बीते सोमवार की रात उसके भाई पवन की चबूतरे पर सोते समय गांव निवासी आरोपी सोनू त्यागी उर्फ मोती लाल ने ईंट से कुचलकर हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। जबकि पीड़ित पक्ष ने घटना में गांव के ही अन्य व्यक्ति के शामिल होने का आरोप लगाया है। आरोप है कि आरोपी ने दुकान से सामान नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इस कारण योजनाबद्ध तरीके से पवन की हत्या की गई है। पीड़ित पक्ष ने धमकी देने वाले आरोपी का नाम भी मुकदमे में शामिल करने की मांग की है।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि मामले के सभी तथ्यों पर गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।